
(33 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, 88 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क साइकिल — श्रावण की फुहारों के बीच खिला गांव का उत्साह)
सागर/27.08.2026; श्रावण की मध्यम फुहारों के बीच नरयावली विधानसभा क्षेत्र का ग्राम मोठी विकास, जनभागीदारी और शिक्षा के उत्सव का साक्षी बना। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने ग्राम मोठी में लगभग 33 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर ग्रामीणों को विकास की नई सौगात दी। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर उस समय विशेष खुशी नजर आई, जब उन्हें शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल योजना का लाभ मिला।
विधायक श्री लारिया ने मौठी हाई स्कूल के 38 विद्यार्थियों तथा शासकीय उमावि मसवासी बहेरिया के 50 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरित की। साइकिल हाथ में आते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। यह दृश्य केवल साइकिल वितरण का नहीं, बल्कि गांव के बच्चों के सपनों को उनके स्कूल तक पहुंचाने की दिशा में उठाए गए कदम का प्रतीक बना।
विकास कार्यों को मिली धरातल पर नई पहचान
कार्यक्रम में विधायक श्री लारिया ने ग्राम मोठी में 25 लाख रुपए के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, 5 लाख रुपए के सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, 2 लाख रुपए के सामुदायिक भवन का लोकार्पण तथा एक लाख रुपए के चबूतरा निर्माण का लोकार्पण किया।
इन कार्यों से गांव में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सामुदायिक भवन ग्रामीणों के विभिन्न सामाजिक आयोजनों और सामूहिक गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होंगे, वहीं चबूतरा निर्माण भी स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सुविधा उपलब्ध कराने वाला कार्य है।
बारिश की बूंदों के बीच उमड़ा जनउत्साह
श्रावण की फुहारों ने आयोजन को एक अलग ही आत्मीय रंग दे दिया। मौसम में नमी थी, लेकिन ग्रामीणों के उत्साह में कोई कमी नहीं थी। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्वक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जब विकास के कार्य गांव की जरूरतों से जुड़ते हैं और शिक्षा के माध्यम से बच्चों के भविष्य को मजबूत करने का प्रयास होता है, तो जनभागीदारी स्वतः ही उत्सव का रूप ले लेती है।
मौठी एवं मसवासी बहेरिया का यह आयोजन विकास कार्यों के लोकार्पण से आगे बढ़कर गांव के वर्तमान को सुविधाओं और भविष्य को शिक्षा से जोड़ने वाला अवसर बन गया। एक ओर सामुदायिक भवनों के रूप में गांव को आधारभूत सुविधाएं मिलीं, तो दूसरी ओर साइकिल के रूप में विद्यार्थियों को स्कूल तक पहुंचने और अपने सपनों की ओर आगे बढ़ने का साधन।
इस अवसर पर जिला महामंत्री चैन सिंह, ऑफिसर यादव, मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी, अरविंद घोसी, राघवेंद्र सिंह, सरपंच गोविंद पटेल, सरपंच हरिओम सिंह, प्राचार्य एलिन मेरी, प्राचार्य मनीष केशरवानी, बलराम साहू, कुंवर सिंह, चालीराजा, रामजी सिंह राजपूत, मुरारी यादव, विनोद विश्वकर्मा, छोटू राय, राजकिशोर उदेनिया, धर्मेंद्र सोनी, विक्रम सिंह, जय हिंद सिंह, प्रहलाद रजक और सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।











