
सागर। मकरानी मुस्लिम समाज के तत्वावधान में 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सागर में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस बुरहानी चौक, मुहल्ला नंबर-12 से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सदर बाजार में संपन्न हुआ।
जुलूस में समाज के प्रमुख पदाधिकारियों, धार्मिक गुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। जुलूस बुरहानी चौक से प्रारंभ होकर मुहल्ला नंबर-10, मस्जिद कुरैशियान, मुहल्ला नंबर-11, सदर जामा मस्जिद, शास्त्री चौक, मुहल्ला नंबर-8, मुहल्ला नंबर-4, कटरा थाना, कड़ाकुआं, भगवानगंज, अफसरा चौकी, गुजराती बाजार, अफसरा टॉकीज होते हुए झांसी रोड से सदर बाजार पहुंचा।
जुलूस में लब्बैक या रसूलल्लाह के धार्मिक नारों के साथ लोग शामिल हुए। विशेषकर मक्का-मदीना की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
जुलूस के समापन पर दुआ के बाद देश में अमन-चैन एवं शांति के लिए दुआ की गई। इसके बाद आमजन के लिए तबर्रुक प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया।
मकरानी मुस्लिम समाज ने जुलूस के दौरान बेहतर पुलिस व्यवस्था के लिए जिला पुलिस प्रशासन, जिला पुलिस अधीक्षक, सीएसपी कैंट, थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
मुस्लिम मकरानी समाज समिति के अध्यक्ष मोहम्मद असरफ मकरानी ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस संपन्न कराने में प्रशासन और पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसके लिए समाज उनकी सराहना करता है।











