
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जिला स्तरीय टोली गठित
सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सागर की बैठक जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होने वाले सेवा, जनकल्याण और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा कर उनके प्रभावी संचालन की कार्ययोजना तैयार की गई। अभियान के सुचारु संचालन के लिए जिला स्तरीय टोली का गठन भी किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभालने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र का नेतृत्व करते हुए संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित को समर्पित उनकी यात्रा जनसेवा के प्रति अटूट संकल्प की प्रेरणा देती है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर पात्र नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
रक्तदान से लेकर स्वच्छता अभियान तक होंगे आयोजन
अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, लाभार्थी संपर्क, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, युवा सहभागिता, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिता सहित विभिन्न सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
श्याम तिवारी ने कहा कि अभियान को केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक सेवा और जनसंपर्क अभियान बनाया जाए। मंडल, मोर्चे और प्रकोष्ठ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
तीन प्रमुख अवसरों पर विशेष कार्यक्रम
अभियान के दौरान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलेभर में सेवा, स्वच्छता, जनकल्याण और जनसंपर्क गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
जिला स्तरीय टोली गठित
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जिला स्तरीय टोली का गठन किया है। इसमें जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया को संयोजक बनाया गया है, जबकि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला महामंत्री सुमित यादव, नितिन सोनी एवं तृप्ति सिंह लोधी को सदस्य बनाया गया है।
यह टोली जिले में अभियान के तहत होने वाली विभिन्न सेवा, जनकल्याण एवं जनसंपर्क गतिविधियों के क्रियान्वयन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगी।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, मनीष चौबे, जिला महामंत्री सुमित यादव, मंडल अध्यक्ष नीरज यादव, सोशल मीडिया संयोजक जय सोनी, गुड्डू सोनी सहित अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











