मृत अवस्था में मिला काला हिरण, आवारा कुत्तों के हमले से मौत की आशंका


देवरी वन परिक्षेत्र के मुहली बीट से लगे क्षेत्र में मिला शव, वन विभाग ने पंचनामा बनाकर कराया पोस्टमार्टम
देवरी कलां। देवरी उपवन मंडल के देवरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुहली बीट से लगे क्षेत्र में एक काला हिरण मृत अवस्था में पड़ा मिला। क्षेत्र में काला हिरण के मृत मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद मृत हिरण के शव को देवरी पशु चिकित्सा विभाग लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह वन विभाग को रेंज क्षेत्र के मुहली बीट से लगे इलाके में एक काला हिरण घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही देवरी वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां हिरण मृत अवस्था में मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद हिरण के शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए देवरी पशु चिकित्सा विभाग पहुंचाया।
पोस्टमार्टम में सामने आई कुत्तों के हमले की आशंका
देवरी वन परिक्षेत्र अधिकारी जेपी शाक्य ने बताया कि मुहली बीट क्षेत्र से लगे स्थान पर काला हिरण के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां हिरण मृत अवस्था में मिला। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। प्रथम दृष्टया हिरण की मौत आवारा कुत्तों के हमले के कारण होना प्रतीत हो रहा है। हिरण के शरीर पर कुत्तों के हमले से संबंधित निशान भी पाए गए हैं।
वहीं, पशु चिकित्सा ब्लॉक अधिकारी डॉ. बीडी पाल ने बताया कि बुधवार को वन विभाग के अधिकारी मृत काले हिरण को पोस्टमार्टम के लिए लेकर आए थे। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया मौत का कारण कुत्तों के हमले से होना सामने आया है।
वन विभाग ने कराया विधिवत अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद वन विभाग द्वारा मृत काले हिरण का नियमानुसार विधिवत अंतिम संस्कार कराया गया। घटना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र में मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। काले हिरण की मौत के कारणों को लेकर वन विभाग की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई है।
काले हिरण जैसे वन्यजीव का इस प्रकार मृत मिलना वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या वन्यजीवों के लिए खतरा बन सकती है। ऐसे में वन क्षेत्र से लगे इलाकों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

Leave a Comment

Read More