69 सूचनाओं ने खोली अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की राह, 4 जगह शराब पकड़ी और सट्टे का मामला दर्ज


सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सागर पुलिस की अपील का असर दिखाई देने लगा है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 7701055235 पर एक ही दिन में 69 सूचनाएं प्राप्त हुईं।
पुलिस ने प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर तस्दीक और कार्रवाई शुरू की। अब तक 4 स्थानों पर अवैध शराब पकड़ी गई, जबकि एक सूचना पर सट्टे का प्रकरण दर्ज किया गया है। अन्य सूचनाओं पर भी पुलिस द्वारा जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आमजन की सूचना बनी पुलिस की ताकत
सागर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में आमजन की सहभागिता को महत्वपूर्ण मानते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा सूचनाएं देना पुलिस और जनता के बीच सहयोग को दर्शाता है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने सूचना देने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से संबंधित प्रत्येक सूचना महत्वपूर्ण है। नागरिक बिना भय या संकोच के अपने आसपास होने वाली अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। हर सूचना का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
सागर पुलिस के अनुसार हेल्पलाइन पर सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। नागरिक अवैध शराब के साथ-साथ जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी भी पुलिस को दे सकते हैं।
 अवैध शराब संबंधी सूचना हेल्पलाइन: 7701055235
सागर पुलिस की अपील:
“अपराध के विरुद्ध आपकी एक सूचना, पुलिस की बड़ी कार्रवाई का आधार बन सकती है। आगे आएं, सूचना दें और समाज को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान दें।”

Leave a Comment

Read More