
सागर, 09 सितंबर 2026। नवागत कमिश्नर सागर संभाग श्री दिलीप कुमार ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर सागर संभाग के कमिश्नर का पदभार ग्रहण किया। पूर्व कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने नवागत कमिश्नर श्री कुमार को पदभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने से पहले श्री दिलीप कुमार आयुक्त उद्योग, मध्यप्रदेश भोपाल तथा प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम मध्यप्रदेश भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद कमिश्नर श्री कुमार ने कार्यालय के अधिकारियों से मुलाकात की तथा संभाग में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों की स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में भी चर्चा की।
कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं से संबंधित किसी भी व्यक्ति को यदि कोई समस्या या परेशानी है, तो वह प्रत्येक सोमवार एवं मंगलवार को कार्यालयीन समय में कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या से अवगत करा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।











