
विधायक शैलेंद्र जैन ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से डॉ. गौर को भारत रत्न देने की मांग की
वैश्विक मंच पर मोदी का सम्मान मतलब भारत के हर एक नागरिक का सम्मान : शैलेंद्र जैन, विधायक
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मुख्य आतिथ्य में सारथा में आयोजित हुई आम सभा
सागर.
जब जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान विश्व में कहीं होता है तो वह सम्मान उनका ही नहीं बल्कि हर एक भारतीय का होता है। आज विश्व पटल भारत का नाम आदर और सम्मान के साथ लिया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक मंच पर जब भी अपनी बात रखते हैं तो अन्य देशों के प्रतिनिधि उनको ध्यान से सुनते हैं। आज से 10 साल पहले यह स्थिति नहीं थी। भारत को पिछड़ा देश मानकर गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज यह हालत है कि विश्व की महाशक्ति कहे जाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने चुनाव प्रचार के लिए बुला रहे हैं। यह बात ओडिशा लोकसभा और विधानसभा चुनाव की आम सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ विधायक शैलेंद्र जैन ने कही।
विधायक जैन बालासोर लोकसभा अंतर्गत रैमुना एवं सदर विधानसभा के प्रभारी हैं। सोमवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मुख्य आतिथ्य में सारथा में आम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक जैन ने केंद्रीय मंत्री प्रधान से डॉ हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय की नींव रखने वाले महान शिक्षाविद डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न देने की बात रखी। जिस पर मंत्री प्रधान ने आश्वासन दिया है कि चुनाव के बाद इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए मांग को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को सशक्त बनाने के साथ ही गरीबों, महिलाओं को उनका हक देने का भी काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्होंने ऐसे परिवारों को छत दी, जो कल्पना नहीं कर सकते थे कि कभी उनका खुद का आवास होगा। इतना ही नहीं जब निम्न वर्ग के लोगों के व्यापार बंद हो गए थे तो उनके व्यापार को पुन: स्थापित करने के लिए स्व निधि योजना शुरू की। उज्ज्वला योजना के तहत हमारी माता और बहनों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए। अब हमारी जिम्मेदारी बनती है कि मानव कल्याण की चिंता करने वाले ऐसे व्यक्तित्व को हमें फिर से प्रधानमंत्री बनना है।
Oooo











