बरोदिया नोनागिर के प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी- डा. मोहन यादव

बरोदिया नोनागिर के प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी- डा. मोहन यादव

मामले की निष्पक्ष जांच होगी , दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

पुलिस चौकी आज से ही शुरू

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिजनों को बंधाया ढांढस , चार लाख से अधिक की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत

सागर,29 मई 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सागर के खुरई तहसील स्थित बरोदिया नोनागिर पहुंचकर मृत  अंजना अहिरवार, मृत  राजेंद्र अहिरवार और शपप्पू रजक के परिजनों से मिलकर
अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार का ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश सरकार और प्रशासन उनके साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस संपूर्ण मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद भी मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बीते समय यहां हुई घटना को देखते हुए आज से ही यहां पुलिस चौकी शुरू की जा रही है। पुलिस प्रबंधन के भी बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में इस प्रकार की कोई दुखद घटना न घटित हो।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि स्वर्गीय  राजेंद्र अहिरवार के परिवार को 8 लाख 25 हज़ार की राशि स्वीकृत की गई है। जिसमें से 50 प्रतिशत 4 लाख 12 हज़ार 500 रूपए की राशि तत्काल स्वीकृत की गई है। शेष आधी राशि चालान प्रस्तुत होने के बाद दी जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज प्रातः खुरई के बरोदिया नोनागिर में पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह एवं विधायक  प्रदीप लारिया के साथ हेलीकॉप्टर से पहुंचे। जहां खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत, बीना विधायक  निर्मला सप्रे,  गौरव सिरोठिया के साथ वे सर्वप्रथम मृतक  अंजना अहिरवार के घर पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से चर्चा की और संपूर्ण घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिजनों से कहा कि आप लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। आपके साथ न्याय होगा एवं दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मृतक श्री राजेंद्र अहिरवार के घर भी पहुंचे ,जहां उन्होंने परिजनों से चर्चा की और शोकाकुल परिवार का ढांढस बंधाया। पिछले दिनों हुए विवाद में घायल  पप्पू रजक के घर पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने उनकी पत्नी श्रीमती शांति रजक और उनकी पुत्रियों से चर्चा कर विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पप्पू का अच्छे से अच्छा इलाज किया जाएगा और जांच के उपरांत जो भी दोषी पाया जाएगा उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव की सुरक्षा के लिए आज से ही पुलिस चौकी अपना कार्य प्रारंभ करेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नोनागिर पहुंचने पर मुस्लिम समुदाय ने ज्ञापन सौंपा एवं घटना की संपूर्ण जांच कराने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त सागर संभाग के पुलिस प्रभारी एडीजी  संजीव शमी, सागर के संभागीय कमिश्नर डॉ.वीरेंद्र सिंह रावत , पुलिस महानिरीक्षक  प्रमोद वर्मा, उप पुलिस महानिरीक्षक  सुनील जैन, कलेक्टर  दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने हेलीपैड पर जन समुदाय से की चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरोदिया नोनागिर पर बनाए गए हेलीपैड पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक एवं पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के साथ बैठकर बड़ी संख्या में आए खुरई एवं बरोदिया नोनागिर के ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने सभी से कहा कि आप लोगों को किसी भी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मध्य प्रदेश की सरकार आपके हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है , आप सभी निश्चिंत रहें।

Leave a Comment

Read More