संत शिरोमणि रविदास जी ने भक्ति के साथ कर्मवाद का संदेश दिया– विधायक प्रदीप लारिया

संत शिरोमणि रविदास जी ने भक्ति के साथ कर्मवाद का संदेश दिया– विधायक लारिया

(जिलेभर से एकत्रित स्वजनों ने उत्साह एवं भक्ति के साथ मनाई रविदास जयंती)

सागर/15.02.2025
नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर एवं स्मारक, बड़तूमा,मकरोनिया में संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक सद्भावना सम्मेलन व प्रतिभा सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया। इस समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में एकत्रित हुए गणमान्यजनों ने बहुत उत्साह और भक्ति के साथ जयंती को मनाया। समारोह का शुभारंभ संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के छायाचित्र पर दीप-धूप प्रज्वलित कर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर पधारे संत-गुरुओं का पुष्पहार, श्रीफल एवं अंग वस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट सेवाओं और सामाजिक कार्यों के लिए भी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
विधायक लारिया ने संत रविदास जी महाराज को नमन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि संत शिरोमणि ने 648 वर्ष पहले अपने जीवन चरित्र के माध्यम से समूचे समाज, भारत और मानवता के लिए एक संदेश दिया कि मन चंगा तो कठौती में गंगा। उन्होंने बताया कि सच्चे अर्थों में कठौती में गंगा का अर्थ यही है कि आपको भगवान को देखने कहीं नहीं जाना है अगर आपका मन पवित्र है तो आप में ही ईश्वर का वास हो जाता है।
उन्होंने कहा कि रविदास महाराज जी ने कर्म करते हुए अपने धर्म, समाज, देश के लिए स्वाभिमान का जीवन जीते हुए भक्ति की रसधारा बहाई। उनके भक्तों में चित्तौड़ की महारानी मीरा बाई से लेकर बनारस के बड़े-बड़े राजा-महाराजा शामिल रहे।
संत रविदास जी महाराज का दर्शन इतना विराट था कि वे जितना धन अर्जित करते थे उसमें से आधा धन दान कर देते थे। वे कहते थे कि हमारे साथ केवल हमारा पुण्य, कर्म, सद्भावना, समाज का विश्वास और जीवन का आनंद जाएगा। इसी उदात्तभाव के कारण उन्हें संत शिरोमणि की उपाधि दी गई। इसीलिए बड़तूमा में हमारी भाजपा सरकार ने संत शिरोमणि के विराट दर्शन को जन जन तक पहुंचाने के लिए 100 करोड़ की लागत से भव्र और दिव्य रविदास लोक का निर्माण करवा रही है।
संत लोक में 10 हजार वर्ग फीट में बन रही लाइब्रेरी के माध्यम से संत जी के भक्ति मार्ग और दार्शनिक विचारों के सभी साहित्य संकलन उपलब्ध होंगे जो आने वाली पीढ़ी,शिक्षाविदों, दार्शनिक और आध्यात्मिकता को आंदोलित करेगी।
आज हम सभी इस पावन अवसर के माध्यम से रविदास जी के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेकर प्रेम, भाईचारा और मानवता का संदेश लेकर अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाएं।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने मकरोनिया नगर पालिका परिषद अंतर्गत अमृत 2.0 योजना अंतर्गत निकाय क्षेत्र अंतर्गत शबरी सरोवर झील का जीर्णोद्वार कार्य लागत 151.40 लाख रूपये का भूमिपूजन गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष मकरोनिया, संत, गुरु, समाज के माते, मुखिया, पाषर्दगण, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति और जिलेभर से पधारे बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित थे।

Leave a Comment

Read More