
खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सागर को दिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान : शैलेंद्र जैन, विधायक
जिला औषधि संघ द्वारा आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज रात्रिकालीन क्रिकेट स्पर्धा का हुआ समापन
सागर.
जिला औषधि संघ द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज रात्रिकालीन क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। सिटी स्टेडियम में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक शैलेंद्र जैन शामिल हुए। जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए परिचय प्राप्त किया और टीम को शुभकामनाएं प्रेषित की। प्रतियोगिता के पहले विधायक जैन ने मैदान में बल्लेबाजी करते हुए चौके भी लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि सागर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पहले केवल खेल परिसर ही हुआ करता था। जहां सुविधाएं नहीं होने के कारण सागर की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन नहीं कर पाती थी। इस बात की कमी मुझे हमेशा महसूस होती रहती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सागर शहर के खिलाड़ियों की इस भावनाओं को समझा और स्मार्ट सिटी के माध्यम से सागर समेत जिले भर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा देने के लिए सिटी स्टेडियम और खेल परिसर जैसे मैदान तैयार कराए। सिटी स्टेडियम में जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेलों सुविधाएं हैं तो खेल परिसर स्थित हॉकी टर्फ मैदान भी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया गया है। इन दोनों मैदानों में इनडोर–आउटडोर खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट भी काफी लोकप्रिय खेल है, जिसमें छोटे छोटे शहर के युवा आज रणजी ट्रॉफी खेल कर अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। वहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं होता। उन्होंने भी इन्हीं खेल मैदानों में अपनी कला को निखारा है। इस दौरान अध्यक्ष अशोक कुमार जैन, सचिव अनिल जैन, उपाध्यक्ष रवि गुप्ता, मीनेश चौधरी, सह सचिव प्रदीप जैन, दिलीप दुधानी, विनोद, हरीश चौसरिया, सुरेंद्र कुमार जैन, राजेश जैन, अरुण तरण आदि मौजूद रहे।











