
नरयावली से विधान सभा घेराव में भोपाल जा रहें कांग्रेसियों को पुलिस ने रास्ते में रोका।
भाजपा सरकार न्याय के लिये उठ रही आवाजों को दबा रही…… सुरेन्द्र चौधरी
सागर / भाजपा सरकार की वायदा खिलाफी, अन्याय,अत्याचार,भ्रष्टाचार,महिलाओं, बच्चियों के उत्पीड़न,किसानों की समस्या,बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस के आवहान पर आयोजित विधान सभा का घेराव में शामिल होने के लिए सागर जिलें की नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नरयावली,सागर ग्रामीण, मकरोनिया, सदर क्रमांक चार एवं युवा कांग्रेस नरयावली के कार्यकर्ता मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी के निर्देशन में भोपाल के लिये निकले।कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भोपाल पहुंचने से पहले ही पुलिस ने अनेकों स्थानों पर बैरिकेड लगाकर रोक लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीखा विरोध दर्ज कराया और भोपाल में आयोजित विधानसभा घेराव में शामिल हुये।कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भोपाल जाने से रोकने पर पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विधान सभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की माता बहिनों, किसानों, युवा नौजवानों और आम जनता से जो वादे किए थे, सत्ता में आने के बाद अब वह पूरी तरह उनसे मुकर गई हैं। बात चाहे लाडली बहना योजना में तीन हजार रुपए प्रति माह तथा चार सौ पचास रुपए में गैस सिलेंडर देने की हो, किसानों को फसल का पूरा दाम,खाद और बिजली देने की हो, नौजवानों को रोजगार तथा आम जनता को महंगाई से राहत देने, महिलाओं,अनुसूचित जाति,जनजाति, गरीब और मजदूर वर्ग की सुरक्षा की हो, इन सभी में प्रदेश की मोहन सरकार ने वादा खिलाफी की है। चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार युवा, किसान,बहन बेटियों और आम जनता को न्याय दिलाने के लिए उठ रही आवाजों को पुलिस की दम पर रोकने का काम कर रही है जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है।











