
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत समुद्रमंथन पार्क में हुआ वृक्षारोपण, विधायक शैलेंद्र जैन ने पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
सागर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के उद्देश्य से संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने शासकीय कन्या महाविद्यालय के समीप स्थित समुद्रमंथन पार्क में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधा रोपने के साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लिया और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
विधायक जैन ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और संतुलित पर्यावरण के भी प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रेरणादायी अभियान है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी दायित्व निभाएं। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पार्षद अनुप उर्मिल, नितिन सोनी, संजय चौबे, शैलेन्द्र नामदेव, संजय इंदुरख्या, युवराज तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।











