एसपी लवली सोनी के नेतृत्व में पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर ने छेड़ी साइबर अपराधों के विरुद्ध जंग

🚨 साइबर जागरूकता महाअभियान:
एसपी लवली सोनी के नेतृत्व में पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर ने छेड़ी साइबर अपराधों के विरुद्ध जंग : स्कूली छात्रों और ग्रामीणों को किया जागरूक

सागर / साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच, पुलिस प्रशिक्षण शाला (पीटीएस), मकरोनिया, सागर ने अक्टूबर माह को ‘साइबर जागरूकता माह’ के रूप में मनाते हुए एक व्यापक अभियान शुरू किया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक लवली सोनी के कुशल मार्गदर्शन में भारत सरकार के गृह विभाग के निर्देश और प्रशिक्षण शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजा बाबू सिंह के व्यापक दिशा-निर्देशों के तहत सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक लवली सोनी ने अभियान की महत्ता को रेखांकित करते हुए सागर आकाशवाणी विशेष संदेश प्रसारित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में, साइबर जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। हमारा उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और बच्चों को डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षित रहने के लिए सशक्त बनाना है। पीटीएस सागर का यह प्रयास जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। हम हर नागरिक से अपील करते हैं कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी को साझा न करें। साइबर अपराध होने पर उसकी तत्काल रिपोर्टिंग करें। पुलिस प्रशासन एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीटीएस सागर के स्टाफ और प्रशिक्षु नव आरक्षकों ने इस अभियान को ग्रामीण और शैक्षणिक क्षेत्रों तक पहुंचाया। ग्राम गुढ़ा एवं ग्राम बम्हौरी में साइबर जागरूकता रैली निकाली गई, वहीं चौपालों पर व्याख्यान के माध्यम से और पम्प्लेट-बैनर बांटकर ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को साइबर सुरक्षा के विषय में जागरूक किया गया।
शासकीय हाई स्कूल घूघर के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को साइबर अपराधों की जानकारी दी गई और उनसे बचने के उपाय बताए गए। अभियान के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं हेतु एक ऑनलाइन जागरूकता क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान, पीटीएस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर विभिन्न साइबर अपराधों से संबंधित जानकारी और बचाव के उपायों वाले पोस्टर निरंतर साझा किए जा रहे हैं साथ ही, प्रशिक्षण शाला में प्रशिक्षणरत नव आरक्षकों एवं स्टाफ ने साइबर सुरक्षा के संबंध में शपथ ली, जिसमें उचित रिपोर्टिंग और रोकथाम की बात कही गई।
इस अभियान को सफल बनाने में पीटीएस के निरीक्षक अफरोज खान, एसआई मिनी पाठक, सउनि उमाशंकर दुबे, आरक्षक मनीष दुबे, और आरक्षक पवन वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Comment

Read More