
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सागर
दिनांक : 01.07.2026
पुलिस कंट्रोल रूम सागर में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को दी गई भावभीनी विदाई
दशकों की निष्कलंक एवं समर्पित सेवाओं को किया गया सम्मानित, पुलिस परिवार ने उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की दी शुभकामनाएं
सागर। पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों के सम्मान में पुलिस कंट्रोल रूम, सागर में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिनांक 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुए कार्यवाहक उप निरीक्षक परमलाल लारिया, कार्यवाहक उप निरीक्षक ओमप्रकाश पाण्डे एवं प्रधान आरक्षक क्रमांक 764 गणेश प्रसाद चौबे को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा उनके दीर्घ, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा को सदैव ऊंचा रखा। उनका अनुभव, कार्यसंस्कृति एवं समर्पण आने वाली पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने भी तीनों अधिकारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग उनके योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण रखेगा तथा सेवानिवृत्ति उनके जीवन की नई एवं सुखद शुरुआत है। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, पारिवारिक सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक नीतेश वायकर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिवारजन, मित्रगण एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सेवानिवृत्त अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा उनके साथ बिताए गए सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए भावनात्मक विदाई दी।
कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान एवं भावनाओं से ओतप्रोत रहा। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उनके विभागीय योगदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।










