
प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह: खाना खाते समय कुल्हाड़ी से हत्या, बोरे में भरकर हाईवे पर फेंका शव
सागर। सागर-कानपुर हाईवे पर बंद बोरे में मिली लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह हत्या प्रेम प्रसंग के चलते रची गई साजिश का नतीजा निकली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक की पहचान नरेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि नरेंद्र के अपने ही गांव में रहने वाली लीला अहिरवार से अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी जब लीला के पति हरिशंकर को लगी तो उसने नरेंद्र को संबंध खत्म करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना।
इसके बाद हरिशंकर ने अपने सालों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत लीला ने नरेंद्र को अपने मायके बुलाया, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई और खाना खिलाया गया। इसी दौरान, जब नरेंद्र खाना खा रहा था, तभी पीछे से हरिशंकर ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर पिकअप वाहन से कर्रापुर के पास सागर-कानपुर हाईवे पर फेंक दिया और फरार हो गए।
सुबह जब पुलिस को सूचना मिली और बोरा खोला गया, तो मृतक के मुंह में रोटी और हाथ में ककड़ी का टुकड़ा मिला। इस स्थिति ने पुलिस को शुरू से ही मामले को संदिग्ध मानने पर मजबूर कर दिया। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है, लेकिन वे अभी गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।











