
बेड के अंदर सड़ी-गली हालत में मिली डांसर की लाश, 5 दिन पहले बच्चों से हुई थी आखिरी बात
खुरई (सागर)। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। खुरई देहात थाना क्षेत्र के सहोद्रा राय वार्ड में एक डांसर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने वारदात के बाद शव को पलंग के अंदर छिपा दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। शनिवार रात जब मृतका के बच्चे घर लौटे, तब इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ। ताला तोड़ा तो कमरे में फैला था खून मृतका की पहचान 45 वर्षीय ममता अहिरवार (पति स्व. रोशन अहिरवार) के रूप में हुई है। ममता पेशे से डांसर थीं। पुलिस के अनुसार, मृतका के बच्चे पिछले 10 दिनों से अपनी बड़ी बहन के पास गंजबासौदा गए हुए थे। शनिवार को जब वे घर लौटे तो मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस की सलाह पर ताला तोड़ा गया। घर के अंदर घुसते ही तेज दुर्गंध आ रही थी। जब परिजनों ने कमरे में रखे डबल बेड को खोलकर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर ममता का शव पड़ा हुआ था और बेड से रिसकर खून पूरे कमरे में फैल चुका था। 5 अप्रैल को हुई थी आखिरी बात परिजनों ने बताया कि ममता से उनकी अंतिम बातचीत 5 अप्रैल की रात को हुई थी। उस समय ममता ने बताया था कि वह बीना रिफायनरी के गेट नंबर 3 के पास एक प्रोग्राम में है। उसके बाद से ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। बच्चों ने शनिवार दोपहर को ही थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और शाम को घर पहुंचने पर यह हादसा सामने आ गया। एफएसएल टीम करेगी जांच शव की हालत देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या करीब 4-5 दिन पहले की गई है। शव में कीड़े पड़ चुके थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है। आज रविवार को एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है











