बीना के विकास पर भूपेंद्र सिंह का दावा: “रिफाइनरी से बीना नदी परियोजना तक, हर बड़े काम के पीछे भाजपा सरकार

बीना के विकास पर भूपेंद्र सिंह का दावा: “रिफाइनरी से बीना नदी परियोजना तक, हर बड़े काम के पीछे भाजपा सरकार”
बीना। पूर्व गृहमंत्री एवं भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि बीना के विकास का पूरा श्रेय भाजपा सरकारों को जाता है। उन्होंने दावा किया कि बीना रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, बीना नदी सिंचाई परियोजना, रेलवे ओवरब्रिज और सड़क संपर्क जैसी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं भाजपा शासनकाल में ही साकार हुई हैं।
बीना में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष करोड़ी यादव के नए जिम एवं पारिवारिक प्रतिष्ठान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि बीना नदी सिंचाई परियोजना पर दशकों तक केवल चर्चा होती रही, लेकिन इसे स्वीकृति देकर पूरा करने का कार्य भाजपा सरकार ने किया। उनके अनुसार इस परियोजना से बीना क्षेत्र के 139 गांवों को लाभ मिलेगा और भविष्य में अधिक गांवों को भी इससे जोड़ा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बीना और खुरई का विकास एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है तथा दोनों नगर तेजी से आधुनिक विकास की ओर बढ़ रहे हैं। आने वाले वर्षों में दोनों क्षेत्रों के बीच विकास का अंतर लगभग समाप्त हो जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज, बेहतर सड़क नेटवर्क और प्रस्तावित बायपास जैसी योजनाएं इसी दीर्घकालिक विकास दृष्टि का हिस्सा हैं।
पूर्व मंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बीना से बड़ी संख्या में मरीज डायलिसिस के लिए खुरई सिविल अस्पताल पहुंचते हैं। बढ़ती मांग के कारण वहां दो पालियों में डायलिसिस की व्यवस्था करनी पड़ी है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके कार्यालय द्वारा संचालित ब्लड हेल्पलाइन के माध्यम से बीना सहित आसपास के जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा बीना अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा दिए जाने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान से जुड़कर पौधारोपण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता करोड़ी यादव के संगठन के शुरुआती दौर में दिए गए योगदान को भी याद किया और उनके नए प्रतिष्ठान के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक महेश राय, भाजपा नेता गौरव सिरोठिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पहले खिमलासा और बीना में विभिन्न स्थानों पर भूपेंद्र सिंह का स्वागत भी किया गया।

Leave a Comment

Read More

बीएमसी सागर की उल्लेखनीय अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि: विश्व विख्यात ‘वर्ल्ड जर्नल ऑफ गैस्ट्रोएंट्रोलोजी’ में बीएमसी के शोध को मिला स्थान; चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मिली पहचान