
पंचकल्याणक महोत्सव में विधायक प्रदीप लारिया ने प्राप्त किया संतों का सानिध्य, ज्ञान कल्याणक में हुए सहभागी
सानौधा/05.06.2026; नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सानौधा में आयोजित भव्यातिभव्य श्री मज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महामहोत्सव में सहभागिता कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर वे महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ज्ञान कल्याणक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा धर्ममय वातावरण में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
यह महोत्सव परम पूज्य मुनिश्री 108 विशद सागर जी महाराज एवं मुनिश्री 108 शिवसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है। विधायक श्री लारिया ने संतश्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उनके आध्यात्मिक संदेशों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर विधायक श्री लारिया ने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं नैतिक मूल्यों का जीवंत उत्सव है। ऐसे आयोजन समाज को अहिंसा, संयम, सदाचार, आत्मकल्याण और लोकमंगल की दिशा में प्रेरित करते हैं। संतों का सानिध्य जीवन को नई दिशा प्रदान करता है तथा मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने आयोजनकर्ता सकल दिगम्बर जैन समाज, सानौधा को इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन, समाजजन एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।











