
बम्होरी रेंगुआ से हफसीली डेयरी स्थल तक सड़क को मोटरेबल बनाकर तत्काल आवागमन शुरू कराने के निर्देश
सागर, 13 सितंबर 2026। सागर शहर को पशु विचरण मुक्त बनाने तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और यातायात की समस्याओं से मुक्त करने के उद्देश्य से संचालित डेयरी विस्थापन परियोजना का नवागत सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री के साथ निरीक्षण किया।
संभागायुक्त ने हफसीली ग्राम स्थित डेयरी विस्थापन स्थल पर विकास कार्यों और डेयरी संचालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डेयरी संचालकों से चर्चा कर परियोजना स्थल पर डेयरी संचालन में आ रही समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
डेयरी संचालकों की मांग पर संभागायुक्त ने बम्होरी रेंगुआ की ओर से हफसीली डेयरी विस्थापन स्थल तक पहुंच मार्ग को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर तत्काल मुरम आदि डालकर उसे मोटरेबल बनाने और सुगम आवागमन शुरू कराने को कहा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को डेयरी विस्थापन स्थल पर मूलभूत सुविधाओं को युद्धस्तर पर बेहतर करने के निर्देश भी दिए।
264 भूखंडों का भौतिक सत्यापन, 155 संचालक पाए गए डिफाल्टर
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि डेयरी विस्थापन स्थल पर बिजली, पेयजल, ड्रेनेज, सड़क निर्माण सहित पशु चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परियोजना का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भूखंड आवंटन और डेयरियों के शहर से विस्थापन की प्रक्रिया शुरू की गई।
नगर निगम के जांच दल द्वारा स्थल के 264 आवंटित भूखंडों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में 155 डेयरी संचालक ऐसे पाए गए, जिन्होंने भूखंड आवंटन और नोटिस मिलने के बावजूद शेड निर्माण नहीं किया अथवा अपनी डेयरी को पूरी तरह विस्थापित नहीं किया।
इनमें कुछ संचालकों ने अपने पशुओं को हफसीली नहीं पहुंचाया, जबकि कुछ ने शहर में वापस आकर अवैध रूप से डेयरी संचालन शुरू कर दिया। ऐसे संचालकों के खिलाफ नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इनमें भारी जुर्माना लगाने के साथ पशु जब्ती की कार्रवाई भी शामिल है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले डिफाल्टर डेयरी संचालकों के आवंटन निरस्त करने और जमा राशि राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है। जिन डेयरी मालिकों की भूखंड रजिस्ट्री हो चुकी है, नियमों के उल्लंघन की स्थिति में रजिस्ट्री शून्य कराने के लिए जिला रजिस्ट्रार को पत्र भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
नए आवेदकों को भूखंड देने विशेष टीम गठित
नगर निगम प्रशासन ने विस्थापन की कतार में शामिल नवीन आवेदकों को भूखंड आवंटित करने के लिए विशेष टीम गठित की है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद और इच्छुक डेयरी संचालकों को शीघ्र भूखंड उपलब्ध कराकर डेयरी विस्थापन प्रक्रिया को गति देना है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त डॉ. एस.एस. बघेल, नगर निगम राजस्व अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











