
छह जिलों के दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण, सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता पर दिया जोर
छतरपुर, 12 सितंबर 2026। सहकार भारती सागर विभाग का अभ्यास वर्ग शनिवार को छतरपुर स्थित ला कैपिटल होटल में संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग में सागर विभाग के अंतर्गत आने वाले सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और निवाड़ी जिले के दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं सहकार भारती के संस्थापक प्रणेता लक्ष्मण राव जी इनामदार (वकील साहब) के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। संगठन मंत्र का वाचन सागर विभाग प्रमुख जितेंद्र गुप्ता ने किया, जबकि सहकार गीत का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश पैक्स प्रमुख दिवाकर देवलिया ने किया।
प्रथम सत्र में प्रदेश महामंत्री राकेश चौहान ने सहकार भारती के गठन, उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गरीबों एवं किसानों की सहायता, स्व-सहायता समूहों का गठन, ऋण सुविधा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सहकारी समितियों का गठन तथा संस्कार के साथ सहकारिता को बढ़ावा देना संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
उन्होंने संगठन के पंचतत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध—भाषा, भूषा एवं भ्रमण—और नागरिक कर्तव्य को शामिल किया गया है।
द्वितीय सत्र में प्रदेश पैक्स प्रमुख दिवाकर देवलिया ने अध्यक्ष, महामंत्री, संगठन प्रमुख, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं के दायित्व तथा उनके कार्यक्षेत्र की विस्तृत जानकारी दी।
तृतीय सत्र में यतीश जैन की अनुपस्थिति में प्रदेश महामंत्री राकेश चौहान ने प्रदेश एवं जिला संगठन की गरिमा, पदाधिकारियों के दायित्व और शक्तियों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में प्रदेश और जिला स्तर पर ही कार्य समितियां होती हैं। संभागीय स्तर पर कोई समिति या दायित्व नहीं होता। जिला स्तर की समस्त घोषणाएं जिला अध्यक्ष द्वारा की जाती हैं।
उन्होंने बताया कि सहकार भारती में महिला प्रमुख का दायित्व होता है, जबकि विभिन्न प्रकोष्ठों में केवल प्रकोष्ठ प्रमुख होते हैं। संघ से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को प्रदेश टोली में सम्मिलित किए जाने की व्यवस्था भी बताई गई।
अभ्यास वर्ग में संस्था के विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सहकार भारती के कुल 52 प्रकल्प हैं। मध्यप्रदेश में वर्तमान में पैक्स, पर्यटन, स्व-सहायता समूह, मत्स्य, बुनकर, डेयरी, हाउसिंग, हथकरघा, लघु उद्योग, क्रेडिट, अर्बन कोऑपरेटिव सहित विभिन्न क्षेत्रों में संगठन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री राकेश चौहान, बुनकर प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक वीरेन्द्र बड़गैयां, पूर्व राज्य मंत्री नारायण कबीरपंथी एवं सागर विभाग प्रमुख जितेंद्र गुप्ता का सम्मान छतरपुर सहकार भारती जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि एवं उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने किया। द्वितीय एवं तृतीय सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषि शुक्ला, प्रदेश महामंत्री राकेश चौहान एवं छतरपुर महिला प्रमुख प्रभा वैद्य का सम्मान सागर सहकार भारती जिला अध्यक्ष आलोक जैन ने किया।
अभ्यास वर्ग के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए चाय-नाश्ता, भोजन एवं चाय-कॉफी-बिस्किट की व्यवस्था की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सत्रों में सक्रिय सहभागिता करते हुए संगठनात्मक विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन अवसर पर सागर जिला अध्यक्ष आलोक जैन के आग्रह को स्वीकार करते हुए प्रदेश महामंत्री राकेश चौहान ने आगामी माह आयोजित होने वाली बैठक में उपस्थित रहने की घोषणा की। आलोक जैन ने कहा कि प्रदेश महामंत्री की आगामी बैठक में उपस्थिति से सागर में सहकार भारती के कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।
अंत में सागर विभाग सह प्रमुख जितेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और अभ्यास वर्ग के समापन की घोषणा की। छह जिलों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता से आयोजित यह अभ्यास वर्ग संगठनात्मक दृष्टि से सफल एवं महत्वपूर्ण रहा।











