09 पेटी बीयर से भरी बोलेरो पकड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार चांदपुर तिराहा पर पुलिस की घेराबंदी में कार्रवाई, दो आरोपी मौके से फरार


रहली, सागर। अवैध शराब के परिवहन और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रहली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 09 पेटी बीयर से भरी बोलेरो वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन से कुल 78 लीटर बीयर, जिसकी अनुमानित कीमत 26,400 रुपये है, बरामद की। अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक MP-50-T-0784, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है, को भी जप्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर चांदपुर तिराहा में घेराबंदी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं SDOP रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना रहली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रहली स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से शराब का अवैध रूप से परिवहन कर विक्रय के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने चांदपुर तिराहा पर चेकिंग एवं घेराबंदी की।
कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की बोलेरो वाहन आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे। पुलिस को देखकर दो व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि वाहन चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सत्यनारायण पिता यश कुमार जोशी, उम्र 33 वर्ष, निवासी रहली बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 09 पेटी बीयर, कुल 78 लीटर, बरामद हुई।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने अवैध शराब और उसके परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को विधिवत जप्त कर लिया। आरोपी सत्यनारायण के विरुद्ध थाना रहली में अपराध क्रमांक 635/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा बरामद शराब के स्रोत, उसके अवैध परिवहन और विक्रय से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। विवेचना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फरार दोनों आरोपियों की तलाश के साथ-साथ प्रकरण में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय ऋषिश्वर, ASI संजय मिश्रा, HC 960 सुधीर रिछारिया, HC महेंद्र पांडेय, HC प्रेम सिंह आर, जितेंद्र प्यासी, रामा पटेल एवं आरक्षक सुनील दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More