
पथरिया जाट के देवी मंदिर में चोरी, आभूषण और साउंड सिस्टम ले गए बदमाश, ग्रामीणों में आक्रोश
सागर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथरिया जाट में स्थित देवी मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और देवी प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषणों सहित साउंड सिस्टम चोरी कर ले गए।
जानकारी के अनुसार चोर मंदिर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की बेंदी, चांदी का मुकुट, पायल तथा साउंड सिस्टम अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिलने पर क्षेत्रवासियों में नाराजगी फैल गई। मामले की शिकायत भूपेंद्र पटेल सहित अन्य ग्रामीणों ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पथरिया जाट क्षेत्र में लगातार चोरी, शराबखोरी और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले खेतों में लगी पानी की मोटर, पाइप और अन्य सामान की चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
मंदिर में हुई चोरी से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं किया गया तो वे चक्काजाम और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।











