
BMC सागर के वार्ड में बंद स्टोर रूम से मिला 2-3 दिन पुराना शव, दुर्गंध फैलने पर हुआ खुलासा; जांच में जुटी पुलिस
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर के वार्ड क्रमांक-14 में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब वार्ड में अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी। बदबू से मरीज, उनके परिजन और मेडिकल स्टाफ परेशान हो गए। मामले की सूचना तत्काल मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों को बदबू के स्रोत का पता लगाने के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान पता चला कि दुर्गंध वार्ड के एक बंद स्टोर रूम से आ रही है, जहां वार्ड का सामान रखा जाता है। सुरक्षा कर्मियों ने कमरे के ऊपर से झांककर देखा तो अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल गोपालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। पुलिस को कमरे में करीब दो से तीन दिन पुराना शव मिला। शव की स्थिति को देखते हुए पंचनामा कार्रवाई कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
बीएमसी के अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने बताया कि वार्ड क्रमांक-14 के एक बंद कमरे में अप्रिय घटना की सूचना मिली थी। सुरक्षा कर्मियों ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि मृतक कौन है और वह वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
वहीं गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर-14 के अंदर स्टोर रूम जैसे कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक अस्पताल का मरीज था या किसी मरीज का परिजन। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि शव दो से तीन दिन से स्टोर रूम में पड़ा था तो किसी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रहे हैं।











