
विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के सतत प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, 90.70 करोड़ रुपये के लोक निर्माण कार्यों को मिली स्वीकृति
(66.60 करोड़ रुपये से बम्होरी–गढ़पहरा फोरलेन मार्ग बनेगा नरयावली के विकास का नया प्रवेशद्वार, मकरोनिया–सदर की यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई गति)
भोपाल/21.07.2026; नरयावली विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देने वाले एक महत्वपूर्ण निर्णय के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा 90.70 करोड़ रुपये की लागत के तीन प्रमुख विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह उपलब्धि नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के सतत प्रयासों, प्रभावी अनुश्रवण एवं क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण परिणाम मानी जा रही है।
इन स्वीकृत कार्यों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण 66.60 करोड़ रुपये की लागत से 22.20 किलोमीटर लंबे बम्होरी– गढ़पहरा फोरलेन मार्ग का निर्माण है। यह मार्ग बम्होरीबीका से प्रारंभ होकर मकरोनिया चौराहा, सदर होते हुए गढ़पहरा तक विकसित किया जाएगा। यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि नरयावली विधानसभा क्षेत्र के बदलते विकास परिदृश्य का सशक्त आधार बनेगी।
फोरलेन मार्ग के निर्माण से मकरोनिया नगर एवं सदर क्षेत्र में वर्षों से बनी यातायात की समस्या को उल्लेखनीय राहत मिलेगी। क्षेत्रीय आवागमन अधिक सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा भविष्य की शहरी आवश्यकताओं के अनुरूप एक आधुनिक एवं सुदृढ़ सड़क अवसंरचना विकसित होगी। यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं नगरीय विकास को नई ऊर्जा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
इसके अतिरिक्त 16.71 करोड़ रुपये की लागत से खाकरोन–ईशुरवारा मार्ग पर धसान नदी में जलमग्नीय पुल तथा 7.39 करोड़ रुपये की लागत से हीरापुर–रामछायरी (रिमझिरिया) मार्ग पर धसान नदी में जलमग्नीय पुल के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। विशेष रूप से हीरापुर–रामछायरी मार्ग पर बनने वाला पुल विधायक श्री लारिया के निवेदन पर माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप स्वीकृत हुआ है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों को वर्षभर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नरयावली विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बेहतर संपर्क व्यवस्था तथा आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की यही गति नरयावली को प्रगति और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने का आधार बनेगी।











