
जिलाबदर आदेश तोड़कर सागर में घूम रहा निगरानी बदमाश गिरफ्तार, मोतीनगर पुलिस की कार्रवाई
सागर। थाना मोतीनगर पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आदतन निगरानी बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरज आठ्या (28) निवासी पंतनगर वार्ड, जिला दंडाधिकारी के जिलाबदर आदेश की अवहेलना कर गुलाब बाबा मंदिर के पास बेंदाती रोड क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह जिले में प्रवेश का कोई वैध कारण नहीं बता सका।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले 12 माह के लिए सागर एवं आसपास के जिलों की सीमाओं से निष्कासित किया गया था, लेकिन उसने आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश किया। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 223(ए) भारतीय न्याय संहिता एवं मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सूरज आठ्या थाना मोतीनगर का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ जुआ, चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, लूट सहित 14 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित गंभीर अपराध की आशंका भी टल गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, गौरव गुप्ता, जय सिंह, प्रधान आरक्षक भगवानदास, दिनेश यादव, सुनील चौबे तथा आरक्षक चंदन और मनीष की सराहनीय भूमिका रही।











