विश्व आदिवासी दिवस पर उत्कृष्ट छात्रावास देवरी में वृक्षारोपण, छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

विश्व आदिवासी दिवस पर उत्कृष्ट छात्रावास देवरी में वृक्षारोपण, छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कृषि वैज्ञानिक ने किचन गार्डन, जैविक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की दी जानकारी
देवरी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शासकीय अनुसूचित जाति उत्कृष्ट बालक छात्रावास, देवरी में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए छात्रावास परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास अधीक्षक बसंत जाटव एवं कृषि वैज्ञानिक सुखलाल वास्केल ने विद्यार्थियों को विश्व आदिवासी दिवस के महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, जल एवं मृदा संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया।
कृषि वैज्ञानिक सुखलाल वास्केल ने विद्यार्थियों को किचन गार्डन की उपयोगिता, जैविक खेती और आधुनिक कृषि विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास हरियाली बढ़ाने, पौधों की देखभाल करने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को पेन-डायरी का वितरण
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेन एवं डायरी का वितरण भी किया गया। छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और आधुनिक कृषि के प्रति रुचि विकसित करना है।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा। पौधरोपण के माध्यम से छात्रों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का सकारात्मक संदेश भी दिया।

Leave a Comment

Read More