
हरियाली तीज और हथकरघा दिवस पर मंगलगिरी में विविध कार्यक्रम, महिलाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सागर। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद मरुदेवी संभाग की सद्भावना शाखा द्वारा मंगलगिरी क्षेत्र में हथकरघा दिवस एवं हरियाली तीज के अवसर पर विविध सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में हथकरघा वस्त्रों के स्टॉल के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बड़े बाबा के चित्र के समक्ष केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जैन, परम संरक्षिका निधि आचरण, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष आशा जैन एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष मंजू मगन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मंगलाचरण दीपिका पड़वार ने प्रस्तुत किया। इसके बाद सद्भावना शाखा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि-आलोक जैन, सचिव डाली चौधरी एवं कोषाध्यक्ष अमिता जैन ने ध्वज गीत प्रस्तुत किया।
भक्तामर जी के पाठ वाचन के बाद परिषद की पदाधिकारी एवं सदस्य वृक्षारोपण स्थल पर पहुंचीं और पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण तथा पेड़-पौधों की देखभाल का संकल्प लिया गया।
प्लास्टिक का उपयोग न करने और जल बचाने का संदेश
परिषद की परम संरक्षिका निधि आचरण ने प्रदूषण मुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करना चाहिए, जल की बचत करनी चाहिए तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के साथ लगाए गए पेड़ों का संरक्षण भी करना चाहिए।
हरियाली तीज पर महिलाओं को बांटे उपहार
हरियाली तीज के अवसर पर सद्भावना शाखा की ओर से परिषद की अधिकारियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हरी चूड़ी, बिंदी और रुमाल प्रदान किए गए। महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हथकरघा वस्त्रों की खरीदारी के साथ स्वदेशी का संदेश
हथकरघा दिवस के अवसर पर सद्भावना शाखा अध्यक्ष रश्मि जैन द्वारा सन्मति हथकरघा केंद्र के हथकरघा वस्त्रों का स्टॉल लगाया गया। उपस्थित महिलाओं ने हथकरघा उत्पादों की खरीदारी की और उनके प्रति सराहना व्यक्त की।
परिषद की विशिष्ट अधिकारी दीप्ति चंदेरिया एवं सद्भावना शाखा संरक्षिका प्रोफेसर रश्मि जैन ने महिलाओं को हथकरघा वस्त्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हथकरघा वस्त्र अहिंसक और स्वदेशी हैं, इसलिए इन्हें दैनिक जीवन में अपनाकर स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना चाहिए।
धार्मिक तंबोला और सरप्राइज गेम में बांटे पुरस्कार
कार्यक्रम में धार्मिक तंबोला एवं सरप्राइज गेम का भी आयोजन किया गया। इसमें शामिल महिलाओं को विभिन्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कामिनी शाह जैन ने किया। अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने स्वल्पाहार ग्रहण किया।
इस अवसर पर संगठन मंत्री संध्या रांधेलिया एवं आशा सेठ, संभागीय अध्यक्ष शिवानी सिंघई, अंजू सेठ एवं कल्पना जैन सहित प्रियंका जैन, मयंका जैन, संगीता पड़वार, अनीता सुधांशु जैन, मनीषा जैन एवं मोनिका जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सद्भावना शाखा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि-आलोक जैन ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।











