
सागर ब्रेकिंग: ‘भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री’, गोपाल भार्गव के बयान से सियासी हलचल
सागर/रहली। सागर जिले के रहली से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा में है। वीर दुर्गादास राठौर जयंती समारोह के दौरान दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रामराजा पैलेस में राठौर समाज द्वारा आयोजित वीर दुर्गादास राठौर जयंती समारोह में गोपाल भार्गव ने कहा कि “भाजपा का हर एक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री है, उसे किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।” उन्होंने राठौर समाज के लोगों से भी कहा कि समाज का हर व्यक्ति स्वयं को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम न समझे।
‘स्वघोषित मुख्यमंत्री’ के पोस्टर से शुरू हुआ मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति गोपाल भार्गव के गणनायक स्थित निवास के बाहर लगे बोर्ड पर ‘स्वघोषित मुख्यमंत्री’ लिखा हुआ पंपलेट चिपकाता नजर आ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद एक युवक ने इसी मामले का जिक्र गोपाल भार्गव के सामने किया। इसके बाद गोपाल भार्गव ने चुटकी लेते हुए तत्काल जवाब दिया और भाजपा कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक गलियारों से लेकर स्थानीय स्तर तक इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
बयान के क्या मायने?
गोपाल भार्गव मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और रहली विधानसभा क्षेत्र से लंबे समय से विधायक हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, गोपाल भार्गव का बयान किस संदर्भ में दिया गया, इसे समझने के लिए कार्यक्रम का पूरा वीडियो और उनका पूरा वक्तव्य देखना अधिक उचित होगा।











