
सागर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया ध्वजारोहण
सागर, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सागर में जिला स्तरीय समारोह गरिमामय एवं देशभक्ति के उल्लास से भरे वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सजीव प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में सुशासन, जनविश्वास और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने समान नागरिक संहिता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों का भी उल्लेख किया।
सागर की वीर माटी को मंत्री ने किया नमन
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर नई पहचान बनाएगा।
मंत्री ने सागर की ऐतिहासिक धरती को नमन करते हुए गोंड राजा संग्रामशाह, बुंदेला शासकों, मराठों तथा 1842 के बुंदेला विद्रोह से लेकर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तक स्वतंत्रता संग्राम में सागर के वीरों के योगदान को याद किया। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक नागरिक से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में परेड कमांडर आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल, पुलिस प्रशिक्षण शाला, एनसीसी बालक-बालिका कैडेट्स और शौर्य दल की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
वहीं लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
मुख्य अतिथि मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में रजत पदक जीतकर सागर का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य, देहदान करने वाले दानदाताओं के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इन दलों ने मारी बाजी
अशस्त्र परेड श्रेणी में जेएनपीए सागर, 10वीं वाहिनी वि.स. बल सागर एवं पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
निशस्त्र परेड श्रेणी में 11 एमपी एनसीसी बालक, 7 एमपी एनसीसी बालिका एवं शौर्य दल सागर विजेता रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय सागर, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
विकास गाथा पुस्तिका का हुआ वितरण
समारोह में जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित “बदलते दौर का मध्यप्रदेश—जिले की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और उपस्थित आमजनों को किया गया। पुस्तिका में जिले में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
समारोह में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, पूर्व विधायक सुधा जैन, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके साथ ही कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल, डीआईजी शशिंद्र चौहान, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, डीएफओ वरुण यादव, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडीएम रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, सुश्री मोना दांगी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और नागरिक मौजूद रहे।
सागर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति, सम्मान और विकास के संकल्प का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे समारोह में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखते ही बना।











