
कैंट पुलिस का नशे के कारोबार पर करारा प्रहार, 20 किलो 356 ग्राम गांजा जब्त
सागर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना कैंट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कार्रवाई में कुल करीब 3 लाख 60 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया (भापुसे) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के निर्देशन में थाना कैंट पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
दिनांक 16 अगस्त 2026 को कैंट पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राठौर बंगला, कैंट के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 20 किलो 356 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और उसके परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945 को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
1. सौरभ पिता अमरसिंह अहिरवार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर।
2. प्रिंस पिता राजू अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी बिल्थरे मोहल्ला, गौरझामर, जिला सागर।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दो दिन पहले भी पकड़ा था गांजा
थाना कैंट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मात्र दो दिन पूर्व भी कैंट पुलिस ने 2.22 किलोग्राम गांजा जब्त कर कार्रवाई की थी।
लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि सागर पुलिस जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने में जुटी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उपनिरीक्षक अशोक तिवारी, उपनिरीक्षक संजय बामनिया, आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, प्रदीप शर्मा, आरक्षक आशीष यादव, भानुप्रताप चौधरी, देवेन्द्र रावत एवं आरक्षक नरेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस का संदेश:
“नशे का कारोबार करने वालों के लिए सागर जिले में कोई स्थान नहीं है। नशे के अवैध कारोबार पर सागर पुलिस का प्रहार लगातार जारी रहेगा।”











