
थाना मोतीनगर जिला सागर दिनांक 16/08/26
अमानक एवं अवैध कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना मोतीनगर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, करीब 15 लीटर संदिग्ध जहरीली शराब जब्त
सागर। जिले में अवैध हथियार, अवैध शराब के विक्रय एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 13 अगस्त 2026 को थाना मोतीनगर पुलिस को अवैध एवं अमानक कच्ची शराब के विरुद्ध कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गल्ला मंडी चौराहे के आगे खुरई रोड स्थित सागर ढाबा में अवैध रूप से अमानक एवं जहरीली जैसी कच्ची शराब का विक्रय किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम द्वारा ढाबे के अंदर स्थित कमरे की तलाशी लेने पर एक सफेद रंग के कुप्पे में तरल पदार्थ भरा हुआ मिला। जांच करने पर उक्त पदार्थ मटमैला, दुर्गंधयुक्त एवं प्रथम दृष्टया मानव जीवन के लिए विषैला हो सकने वाला करीब 15 लीटर हाथ से निर्मित कच्ची शराब होना पाया गया।
मौके पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमन तिवारी पिता नरेश तिवारी, उम्र 20 वर्ष, निवासी राजीव नगर वार्ड, सागर बताया। आरोपी से शराब रखने एवं विक्रय करने संबंधी वैध लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की गई, जिस पर उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं होना पाया गया।
पुलिस द्वारा विधिवत पंचनामा एवं जप्ती कार्रवाई करते हुए करीब 15 लीटर अवैध एवं अमानक कच्ची शराब, अनुमानित कीमत ₹1,500/- को जब्त किया गया। मौके से शराब का सैंपल भी विधिवत लिया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34 एवं 49(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जसवंत राजपूत, थाना प्रभारी मोतीनगर; उप निरीक्षक जयसिंह लोधी; प्रधान आरक्षक दीपक; आरक्षक अभिषेक एवं आरक्षक सत्येन्द्र अनुराग की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है।











