नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव का ऐलान, 29 सितंबर को होगा मतदान


3 नगर निकाय अध्यक्ष, 26 पार्षदों सहित जिला पंचायत के 7, जनपद के 28 और 110 सरपंच पदों पर होगा उपनिर्वाचन
सागर, 31 अगस्त 2026। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वार्ध का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि उपनिर्वाचन के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन एवं नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थी 15 सितंबर तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 सितंबर निर्धारित की गई है। इसी दिन अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
नगरीय निकायों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान
नगरीय निकायों में 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से की जाएगी।
पंचायतों में दोपहर 3 बजे तक मतदान
त्रिस्तरीय पंचायतों में मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा। पंच पद के लिए मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतदान केंद्र पर ही की जाएगी।
सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से होने वाली मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य एवं पंच पद के परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से की जाएगी।
3 अध्यक्ष और 26 पार्षद पदों पर उपचुनाव
नगरीय निकाय उपनिर्वाचन में 3 अध्यक्ष और 26 पार्षद पदों के लिए मतदान होगा। इनमें आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़ और धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न नगर निगमों एवं नगरपालिकाओं के 26 पार्षद पदों पर भी उपनिर्वाचन होगा। इनमें नगर निगम इंदौर के वार्ड 58 एवं 60, ग्वालियर के वार्ड 5, सागर के वार्ड 11, कटनी के वार्ड 41, खंडवा के वार्ड 34 एवं 47 सहित अन्य नगरीय निकायों के वार्ड शामिल हैं।
नगर परिषद फूफ, चाकघाट, लोहारदा, कोटर, जैतवारा, सिलवानी, बड़ोदा, बरघाट, कसरावद, पिपलिया मंडी, निवाली बुजुर्ग और कुक्षी के विभिन्न वार्डों में भी पार्षद पद के लिए उपनिर्वाचन कराया जाएगा।
पंचायतों में 4,235 पदों पर होगा उपनिर्वाचन
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पंचायत उपनिर्वाचन में कुल 4,235 पदों पर चुनाव होगा। इनमें—
जिला पंचायत सदस्य – 7 पद
जनपद पंचायत सदस्य – 28 पद
सरपंच – 110 पद
पंच – 4090 पद
शामिल हैं।
उपचुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू होंगी तथा 8 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।

Leave a Comment

Read More