बांदरी पुलिस ने तार चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:


70–80 किलो चोरी का विद्युत तार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित ₹65 हजार का मशरूका बरामद
सागर। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सागर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बांदरी पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70–80 किलोग्राम चोरी का विद्युत तार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब ₹65 हजार बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खुरई काजल सिंह के निर्देशन में बांदरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
टावर के नीचे रखा था 70–80 किलो विद्युत तार
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को फरियादी मनीष पिता एल.एन. मिश्रा, उम्र 47 वर्ष, निवासी अभिनंदन नगर, थाना मकरोनिया ने बांदरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी सिक्योर सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं।
कंपनी द्वारा पहरगुवां, सागोलिया, हनोता और कुल्ल क्षेत्र में आर.एस. इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के विद्युत तारों की सुरक्षा का काम किया जा रहा है। फरियादी के मुताबिक 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे पहरगुवां गांव में नाले के पास टावर के नीचे रखा लगभग 70–80 किलो वजनी विद्युत तार का विंडल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। चोरी गए तार की कीमत करीब ₹25 हजार बताई गई।
रिपोर्ट पर बांदरी पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने ग्राम पहरगुवां में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रनवीर पिता लक्ष्मण लोधी, उम्र 36 वर्ष और सुदामा पिता किशन लाल आदिवासी, उम्र 30 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम पहरगुवां, थाना बांदरी बताए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई तार चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।
तार और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70–80 किलोग्राम चोरी का विद्युत तार, जिसकी कीमत करीब ₹25 हजार है, बरामद किया। इसके अलावा चोरी किए गए तार के परिवहन में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹40 हजार है, भी जब्त की गई।
इस तरह पुलिस ने कुल ₹65 हजार कीमत का मशरूका बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों को उपजेल खुरई भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बांदरी उनि. सतेन्द्र गुर्जर, सउनि शरीफ खान, प्रआर 1360 जागेश्वर, प्रआर 1627 जितेन्द्र, आरक्षक जयराम यादव, आरक्षक 1517 अविनाश मिश्रा एवं आरक्षक 1507 विनोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें