सागर, 22 सितंबर 2026।
सागर जिला अपने प्रतिभावान युवाओं की ऊर्जा, मेहनत और प्रतिभा के दम पर शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए प्रशासन की ओर से निःशुल्क कोचिंग, मार्गदर्शन, बेहतर संसाधन और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका परिणाम यह है कि जिले के युवा शिक्षा के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भी सागर का नाम रोशन कर रहे हैं।
शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में निःशुल्क संबल
होनहार और जरूरतमंद युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष प्रयास किए गए हैं। शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, सिरौंजा (सागर) में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एमपीपीएससी परीक्षा की निःशुल्क ऑफलाइन कोचिंग संचालित की जा रही है।
इसी तरह ‘उड़ान योजना’ के माध्यम से जिले के मेधावी विद्यार्थियों को नीट तथा आईआईटी-जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों द्वारा विशेष कोचिंग, काउंसलिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इन प्रयासों से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिल रहा है।
खेल के मैदान में भी सागर की चमक
शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी सागर के युवा लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन के सहयोग, उपलब्ध संसाधनों और खिलाड़ियों की मेहनत से जिले की टीमों और खिलाड़ियों ने राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कबड्डी में उपलब्धियां:
इटारसी में आयोजित मध्यप्रदेश राज्य अंतर जोन अंडर-18 बालक कबड्डी चैंपियनशिप में सागर की टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं रीवा में आयोजित अंडर-18 बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में सागर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर राज्य स्तरीय बालक कबड्डी प्रतियोगिता में भी जिले के खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
हॉकी और वॉलीबॉल में भी शानदार प्रदर्शन:
ग्वालियर में आयोजित खेलो इंडिया ऑल इंडिया स्मिता जूनियर महिला हॉकी लीग में सागर की कु. महजबी मिर्जा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सागर के खिलाड़ी पार्थ चौबे ने राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान हासिल किया।
युवाओं के सपनों को मिल रहा मंच
सागर में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने का अवसर दे रहे हैं। निःशुल्क प्रशिक्षण से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को जहां आगे बढ़ने का आधार मिल रहा है, वहीं खेल सुविधाओं और प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत युवा प्रतिभाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की यह पहल सागर में सेवा, प्रतिभा और संभावनाओं के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में सामने आ रही है।








