सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के चमेली चौक स्थित स्कूल के बाहर अवैध रूप से संचालित गुमटियों और अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। स्कूल के बाहर कुछ लोगों द्वारा शराब और सिगरेट का सेवन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल के आसपास लंबे समय से अवैध गुमटियां संचालित होने और इनमें बीड़ी, सिगरेट, गुटखा सहित अन्य नशीली सामग्री की बिक्री किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। हाल ही में स्कूल के बाहर नशे का सेवन करते लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला सामने आया।
इसके बाद मोतीनगर पुलिस ने स्कूल के आसपास पहुंचकर अवैध गुमटियों और अतिक्रमण को हटवाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए स्कूल के आसपास नशे का सेवन नहीं करने की हिदायत भी दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूल के आसपास बीड़ी, सिगरेट, गुटखा अथवा अन्य नशीली सामग्री का सेवन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से स्कूल के आसपास पुलिस की निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।







