
6 माह के लिए जिला बदर बदमाश को सागर जिले की सीमा से बाहर किया
सागर। थाना बरायठा पुलिस ने आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त गुण्डा बदमाश के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई को प्रभावी रूप से अमल में लाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत ग्राम दतया निवासी मुलायम यादव को जिला बदर आदेश की तामील कराते हुए सागर जिले की सीमाओं से बाहर किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुलायम यादव के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला बदर का प्रकरण पुलिस अधीक्षक सागर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया था। प्रकरण की सुनवाई के बाद जिला दण्डाधिकारी सागर ने उसे 6 माह की अवधि के लिए जिला बदर किए जाने का आदेश जारी किया।
आदेश के पालन में थाना बरायठा पुलिस ने मुलायम यादव को जिला बदर आदेश का विधिवत नोटिस तामील कराया और उसे सागर जिले की सीमाओं से बाहर छोड़कर आदेश का पालन सुनिश्चित किया।
पुलिस ने बताया कि आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. अरविन्द सिंह ठाकुर, प्रआर. दिनेश, प्रआर. अरुण कुमार, आरक्षक आदित्य, गोविन्द्र, करन एवं आनन्द की विशेष भूमिका रही।








