चोरी गई पल्सर बाइक करीब ₹60 हजार कीमत की बरामद
सागर/बीना। थाना बीना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZK 1620, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹60 हजार है, बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरी के मामलों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बीना पुलिस को यह सफलता मिली।
घर के बाहर खड़ी बाइक हुई थी चोरी
फरियादी ने थाना बीना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल को 9 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे घर के बाहर लॉक करके खड़ा किया था। रात करीब 2:40 बजे जब उसने बाहर आकर देखा तो बाइक गायब थी।
परिजनों के साथ आसपास के क्षेत्र, बस स्टैंड, चौपड़ा कुआं, नरसिंह मंदिर और नई बस्ती सहित अन्य स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
बीना पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर बाइक की पतारसी शुरू की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी—
रूप नारायण उर्फ खड़ऊ, पिता रामसिंह कुशवाहा, उम्र 30 वर्ष, निवासी मीडिया वार्ड, बीना।
बब्बू राजा, पिता जगभान यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भारोन, थाना जाखलोन, जिला ललितपुर।
दोनों आरोपियों के कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZK 1620 बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य आपराधिक गतिविधियों और चोरी की दूसरी घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।








