सागर। शहर के तहसीली इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बच्चा कार के अंदर फंस गया और कार का गेट अंदर से लॉक हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी प्रयासों के बाद कार का लॉक खोला गया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता उसे स्कूल छोड़ने के लिए कार से जा रहे थे। रास्ते में स्टेशनरी का सामान लेने के लिए वे एक दुकान के पास रुके। इस दौरान बच्चा कार की ड्राइवर सीट पर बैठा रहा और कार की चाबी अंदर ही लगी थी। इसी दौरान बच्चे ने अनजाने में कार को अंदर से लॉक कर लिया।
कुछ देर बाद पिता वापस लौटे तो उन्होंने कार का गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन गेट नहीं खुला। अंदर बच्चा भी लॉक हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने बच्चे को अंदर से लॉक खोलने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन घबराहट के कारण बच्चा कुछ समझ नहीं पा रहा था।
समय बीतने के साथ बच्चा भी घबराने लगा। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत कर कार का लॉक खोला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चे के बाहर आते ही परिजनों और लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यह घटना वाहन में छोटे बच्चों को अकेला छोड़ने के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत भी बताती है।








