मालथौन के स्कूलों में औचक निरीक्षण: उपस्थिति लगाकर गायब मिले शिक्षक, नोटिस जारी

SHARE:


अतिथि शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश, DEO ने कहा—समय पर खुलें और बंद हों विद्यालय


सागर, 06 अक्टूबर 2026। कलेक्टर  प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी  अरविंद जैन ने मालथौन विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, ई-अटेंडेंस, विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ और विद्यालय संचालन की व्यवस्थाओं की जांच की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवास, शासकीय एकीकृत हाईस्कूल पाली, शासकीय प्राथमिक शाला पाली, शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला परसोंन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोड़ा, शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन का निरीक्षण किया।
उपस्थिति लगाकर विद्यालय से गायब मिले शिक्षक
निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवास के प्राथमिक शिक्षक मुकेश तिवारी तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन के शिक्षक अनिल जैन उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। दोनों के विरुद्ध तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
वहीं शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन की अतिथि शिक्षक कीर्ति नामदेव बिना सूचना के अनुपस्थित मिलीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा में प्राथमिक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद कुर्मी एवं प्राथमिक शिक्षक अविनाश कुमार दुबे भी हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
निर्माणाधीन स्कूल भवन का भी निरीक्षण
शासकीय हाईस्कूल पाली के निर्माणाधीन विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने भवन का निर्माण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर में भवन निर्माण में आ रही हाईटेंशन लाइन एवं अतिक्रमण की समस्या की भी जानकारी ली गई। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराने की कार्रवाई की गई।
विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी विद्यार्थी शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। विद्यालयों में बची हुई नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों और साइकिलों को तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष वापस करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और ई-अटेंडेंस दर्ज करने के साथ विद्यालय में मौजूद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाने राजस्व अधिकारियों से चर्चा
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोड़ा के निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में अतिक्रमण की समस्या सामने आई। प्राचार्य द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने राजस्व अधिकारियों से चर्चा कर अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार हो, शिक्षक समय पर उपस्थित रहें और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ शासन की सभी योजनाओं का लाभ समय पर मिले—इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें