सेवा संकल्प अभियान 2026: ज्वार की खेती से किसानों को नई उम्मीद
सागर, 08 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत बीना विकासखंड में किसान पारंपरिक फसलों के साथ नई एवं वैकल्पिक फसलों को अपनाकर खेती में नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। फसल विविधीकरण का यह प्रयास किसानों के लिए नई संभावनाओं के साथ आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का माध्यम बन रहा है।
इसी क्रम में क्षेत्र के किसानों ने खरीफ मौसम में ज्वार की खेती को अपनाया है। किसान राजाबाबू यादव, इंद्र सिंह ठाकुर, राजाराम सहित अन्य किसानों के खेतों में ज्वार की फसल अच्छी स्थिति में दिखाई दे रही है। किसानों के अनुसार फसल की बढ़वार और गुणवत्ता बेहतर है, जिससे इस वर्ष अच्छे उत्पादन की उम्मीद है।
बीना क्षेत्र में किसान अब औषधीय पौधों के साथ-साथ ज्वार और तिल जैसी वैकल्पिक फसलों की ओर भी बढ़ रहे हैं। इससे किसानों की किसी एक फसल पर निर्भरता कम होने के साथ खेती में विविधता बढ़ रही है और आय के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बीना अवधेश राय ने बताया कि क्षेत्र के किसान जिस तरह नई फसलों और कृषि नवाचारों को अपना रहे हैं, उससे आने वाले समय में उनकी आय में निरंतर वृद्धि की संभावनाएं हैं। नई एवं लाभकारी फसलों को अपनाने से किसान खेती को अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
कृषि विभाग के मार्गदर्शन में किसानों द्वारा अपनाया जा रहा फसल विविधीकरण मॉडल क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बन रहा है। ज्वार जैसी वैकल्पिक फसलों को खेती में शामिल करने से बदलते कृषि परिवेश में किसानों को नई संभावनाएं मिल रही हैं। किसानों का कहना है कि इस बार ज्वार की फसल बेहद अच्छी है और उन्हें बेहतर उत्पादन मिलने की उम्मीद है।








