CCTV और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पर जोर, नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

सागर, 7 अक्टूबर 2026। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा आमजन से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान और अपराधों की रोकथाम के लिए जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में मोतीनगर थाना पुलिस द्वारा कसाई मंडी, राहतगढ़ बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के साथ जन चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, शिकायतों और सुरक्षा से जुड़े सुझावों को गंभीरता से सुना।
नागरिकों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन एवं समस्याओं को प्राप्त कर पुलिस ने उनके उचित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी
जन चौपाल के दौरान पुलिस ने असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गुंडागर्दी, आपसी विवाद, अवैध गतिविधियों अथवा शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
CCTV और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने नागरिकों एवं व्यापारियों को प्रमुख चौराहों, बाजारों, दुकानों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर गुणवत्तापूर्ण CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही अंधेरे एवं सुनसान स्थानों पर आपराधिक गतिविधियों की संभावनाओं को कम करने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
मोतीनगर पुलिस ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच निरंतर संवाद सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण की मजबूत आधारशिला है। आमजन की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
थाना मोतीनगर, जिला सागर (म.प्र.)







