CEC को हटाने की मांग को लेकर सागर में कांग्रेस का पैदल मार्च, चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

SHARE:


सागर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को सागर में पैदल मार्च निकाला। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भगवानगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से सदर मुहाल स्थित शास्त्री चौक तक पैदल पहुंचे।
कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर मार्च में शामिल हुए और चुनाव आयोग तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने प्रदर्शन को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल हटाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, पुलिस वाहन और वाटर कैनन भी तैनात रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समापन स्थल पर प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के छाया चित्र वाले पोस्टर जलाकर विरोध जताया और दिन को ‘काला दिवस’ बताया।
राहुल गांधी पर 45 मामले दर्ज होने का लगाया आरोप
सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री के समान ही नेता प्रतिपक्ष का भी संवैधानिक सम्मान है, लेकिन सरकार ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को खत्म कर दिया है।
जाटव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसद जब चुनाव आयोग से जवाबदेही मांगने जा रहे थे, तब उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सांसदों के साथ किया गया व्यवहार संविधान पर हमला है।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी पर अब तक 45 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जाटव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल पर जैमर लगाए गए, जिससे संपर्क बाधित हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए।
‘चुनाव आयोग को कठपुतली बनाया जा रहा’
पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग को अपने इशारे पर चलाकर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग कभी निष्पक्षता का प्रतीक माना जाता था, लेकिन आज उसकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
‘अघोषित आपातकाल जैसे हालात’
पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वीडियोग्राफी और पारदर्शी मतगणना की मांग की।
पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित राम दुबे ने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इसका जवाब देगी।
दुबे ने सागर में अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन सिंटू कटारे ने किया, जबकि आभार डॉ. किरण लता सोनी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर जगदीश यादव, रामकुमार पचौरी, मुकुल पुरोहित, राकेश राय, सागर साहू, पप्पू गुप्ता, कमलेश तिवारी, शरद पुरोहित, नरेंद्र मिश्रा, हेमराज रजक, पीयूष अवस्थी, जितेंद्र रोहण, माधवी चौधरी, शैलेंद्र तोमर, अवधेश तोमर, अरविंद पंथी, आनंद हैला, आनंद तोमर, चक्रेश सिंघई, शिवशंकर, गुड्डू यादव, नीलोफर, चमन अंसारी, नीलेश अहिरवार, चक्रेश, रोहित, जितेंद्र चौधरी, रेखा सोनी, गीता कुशवाहा, सुलेखा राय, हीरालाल, मयंक ठक्कर, टीकाराम दीवान, सुरेश पंजवानी, बाबू मछंदर, हरिश्चंद्र सोनवार, जतिन चौकसे, उत्तम तावड़े, ताहिर खान एडवोकेट, अखिल सिद्दीकी, अर्चना कनौजिया, जगदेव सिंह ठाकुर, मजहर अली चौधरी, मीना, पवन पटेल, विनीत जैन, कुंजी लाल लडिया, सुनील ठेकेदार, गंगाराम अहिरवार, बाबू प्रजापति, सुल्तान कुरैशी, नौशाद अब्बासी, फिरदौस कुरैशी, शहबाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें