स्वामित्व योजना के शिविरों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, हितग्राहियों को बताया- रजिस्ट्री पूरी तरह निःशुल्क

SHARE:

जटिल प्रकरणों का जिला स्तर पर होगा निराकरण, एक सप्ताह में शेष आवेदन पूरे करने के निर्देश; अनुपस्थित सचिव पर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश

सागर, 26 अक्टूबर 2026।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सोमवार को जिले में आयोजित स्वामित्व योजना के शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। हितग्राहियों को इसके लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कलेक्टर ने शेष हितग्राहियों को चिह्नित कर एक सप्ताह के भीतर उनके आवेदन पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी अभिलेखों का सत्यापन करें और बाहर रह रहे हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की जानकारी दें। योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए मुनादी के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, आवेदन से लेकर रजिस्ट्री तक की प्रक्रिया में लगने वाले समय की जानकारी हितग्राहियों को स्पष्ट रूप से दी जाए।

शिविरों में ही मिलेगी योजना से जुड़ी सभी जानकारी

बाबूपुरा वार्ड क्रमांक 12 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के लाभ बताए और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित ऑपरेटर से रजिस्ट्री प्रक्रिया में लगने वाले समय की जानकारी भी ली।

कलेक्टर ने कहा कि गांव और वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों में ही हितग्राहियों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिन प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर निराकरण संभव नहीं होगा, उनका समाधान जिला स्तर पर किया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

भूमि अभिलेखों की त्रुटियां सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को भूमि संबंधी अभिलेखों में दर्ज त्रुटियों का परीक्षण कर नियमानुसार सुधार करने के निर्देश दिए। निजी भूमि को शासकीय दर्ज किए जाने संबंधी शिकायतों पर भी नियमानुसार प्रकरणों की जांच कर आवश्यक सुधार करने को कहा।

उन्होंने पटवारियों को पंचायत स्तर पर उपस्थित रहकर हितग्राहियों के आवेदन लेने और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

पूर्व पटवारी की शिकायत की जांच के निर्देश, अनुपस्थित सचिव पर कार्रवाई

आमजनों द्वारा क्षेत्र के पूर्व पटवारी के विरुद्ध आबादी क्षेत्र में प्लॉट लेने और बेचने संबंधी शिकायत किए जाने पर कलेक्टर ने मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, बाबूपुरा वार्ड के सचिव के अनुपस्थित रहने और पंचायत में नहीं आने की शिकायत पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को संबंधित सचिव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, एसडीएम रोहित वर्मा, तहसीलदार संदीप तिवारी, राहुल गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकेशन–सागर

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें