महामना एक्सप्रेस को रानी कमलापति स्टेशन तक बढ़ाने, अयोध्या के लिए सीधी ट्रेन चलाने और मंडी बामोरा में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भोपाल मंडल के सांसदों की बैठक में राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने रेल सुविधाओं, यात्री सुरक्षा, स्टेशन विकास और नई रेल कनेक्टिविटी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए। उन्होंने छोटे शहरों और कस्बों के रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं का विस्तार करने के साथ यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही जरूरतों को पूरा करने की मांग रखी।
अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने की मांग
सांसद अग्रवाल ने भोपाल अथवा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने मांग की कि इस ट्रेन का ठहराव विदिशा, गंजबासौदा, मंडी बामोरा और बीना में भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को धार्मिक नगरी अयोध्या तक सीधी रेल सुविधा मिल सके।
इसके अलावा महामना एक्सप्रेस का विस्तार रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक करने तथा मंडी बामोरा स्टेशन पर प्रयागराज, इटारसी और पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी रखी।
बीना और मंडी बामोरा के विकास पर जोर
बैठक में बीना रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के माध्यम से पीपीपी मॉडल पर बड़े अस्पताल की स्थापना का मुद्दा उठाया गया। सांसद ने बीना स्टेशन पर आवश्यक यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव के साथ बीना-सागर रेलवे अंडरब्रिज तथा मालगोदाम तक पहुंच मार्ग बनाने की मांग की।
मंडी बामोरा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर विकसित करने और यहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
साथ ही बीना-मालखेड़ी स्टेशन को पुनः भोपाल मंडल में शामिल करने तथा झांसी एवं कटनी रेल लाइनों से संबंधित रेलवे सीमाओं के पुनर्निर्धारण की मांग की गई।
ट्रेनों के समय और ठहराव में बदलाव का प्रस्ताव
सांसद ने विंध्याचल एक्सप्रेस को भोपाल से वर्तमान शाम 6:20 बजे के स्थान पर शाम 7:50 बजे संचालित करने का सुझाव दिया। भोपाल-जोधपुर ट्रेन का महादेवखेड़ी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने के साथ महादेवखेड़ी, समरखेड़ी और कंजिया स्टेशनों तक पहुंच मार्ग बनाने की मांग भी रखी।
स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने रेलवे स्टेशनों पर नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय और पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा स्टेशन परिसरों में आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए बाउंड्रीवाल, प्रवेश द्वार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। छोटे शहरों और कस्बों के स्टेशनों का विकास भी बड़े रेलवे स्टेशनों की तरह प्राथमिकता से किया जाना आवश्यक है।
सांसद अग्रवाल ने रेलवे महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों से सभी प्रस्तावों और मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।







