(4.80 करोड़ रुपये की लागत से 2.70 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण, विधानसभा क्षेत्र के 40-50 गांवों को मिलेगी सुगम कनेक्टिविटी)
मकरोनिया। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने बुधवार को मकरोनिया चौराहा से बटालियन होते हुए संत रविदास स्मारक तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। लगभग 4.80 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 2.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में 1100 मीटर सीसी सड़क, 1600 मीटर बीटी सड़क एवं चार पुलियों का निर्माण किया जा रहा है।
यह मार्ग मकरोनिया की लाइफ लाइन बनने के साथ विधानसभा क्षेत्र के लगभग 40-50 गांवों के लिए आवागमन का सुगम संपर्क मार्ग बनेगा। पूर्व में धूलभरे रास्ते से गुजरने वाले नागरिकों को अब बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। पड़रिया सहित आसपास के गांवों के स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए शिक्षण संस्थानों तक पहुंच आसान होगी, वहीं किसानों एवं ग्रामीणों को अपनी उपज और दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही झांसी-नरसिंहपुर एवं दमोह-जबलपुर मार्ग तक पहुंच भी सुगम होगी।
विधायक श्री लारिया ने निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली तथा निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मापदंडों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने की बात कही।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मकरोनिया, पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, पीडब्ल्यूडी एसडीओ यनेन्द्र कुमार नामदेव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।








