मालथौन में युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में बोले अविराज सिंह, 616.76 लाख रुपये के सड़क निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
मालथौन। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मालथौन स्थित शासकीय महाविद्यालय में युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में युवा नेता अविराज सिंह ने युवाओं से अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, नवाचार और विकास के कार्यों में करने का आह्वान किया।
अविराज सिंह ने कहा कि युवा किसी भी लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं। युवाओं को अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य युवा शक्ति के संकल्प, तकनीकी क्षमता और सक्रिय भागीदारी से ही पूरा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का उपयोग हिंसा, अराजकता और नकारात्मक गतिविधियों के बजाय शिक्षा, उद्यमशीलता, नवाचार और रचनात्मक कार्यों में होना चाहिए। सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर उन्होंने युवाओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए किसी भी जानकारी को साझा नहीं करना चाहिए। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन संवाद में भाषा की मर्यादा और तथ्यों की शुद्धता बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आज युवा स्टार्टअप, स्वरोजगार और तकनीकी नवाचार के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी भी बनें।
प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 जैसे प्रावधान महत्वपूर्ण हैं।
अविराज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद निर्वाचन आयोग, ईवीएम और मतदाता सूची पर सवाल उठाने के बजाय राजनीतिक दलों को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन विरोध संवैधानिक प्रक्रियाओं और सकारात्मक संवाद के माध्यम से होना चाहिए। युवाओं को भी राजनीतिक दलों के प्रति अंधसमर्थन या अंधविरोध के बजाय उनकी नीतियों और कार्यों का मूल्यांकन करना चाहिए।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
616.76 लाख रुपये के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
युवा संवाद कार्यक्रम के साथ अविराज सिंह ने क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
- बमनोरा तिराहा से रामछायरी तक: 5.80 किलोमीटर लंबी सड़क, लागत 345.83 लाख रुपये।
- रामछायरी-मुहली-झोलसी मार्ग: 4.50 किलोमीटर लंबी सड़क, लागत 270.93 लाख रुपये।
दोनों सड़क निर्माण कार्यों की कुल लंबाई 10.30 किलोमीटर तथा स्वीकृत लागत 616.76 लाख रुपये है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, मालथौन मंडल अध्यक्ष अरविंद लोधी, बरोदिया कला नगर पालिका अध्यक्ष चुन्नीलाल कुशवाहा, आरसी दुबे, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र परिहार, रामकुमार बघेल, पुष्पेंद्र तोमर, बलवीर सिंह, जाहर अहिरवार, मालती, पप्पू राजपूत, सुनील राजपूत, सुरेंद्र सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com







