चार लोगों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल; शोकाकुल परिजनों के बीच पहुंचकर बंधाया ढांढस
सागर। बरमान स्नान के लिए जा रहे एक परिवार के साथ देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की असामयिक मृत्यु और पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की हृदयविदारक खबर मिलते ही नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर पहुंचे।
इस दर्दनाक हादसे से द्रवित विधायक लारिया ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और उनकी चिकित्सा में किसी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए।
विधायक लारिया ने इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं मुआवजा संबंधी आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







