हफसिली में 125 फीट परिधि और 11 फीट ऊंचे गोवर्धन गिरिराज बने आकर्षण का केंद्र, 56 भोग के साथ हुई भव्य पूजा

SHARE:

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने की आयोजन की सराहना, कहा– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार दे रही प्राचीन परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति को सम्मान

सागर, 09 नवंबर 2026।

सागर। शहर के हफसिली ग्राम स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना के पशु मेला क्षेत्र में नगर निगम द्वारा भव्य गोवर्धन पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, ग्रामीण संस्कृति और बुंदेली लोककलाओं के संगम से सजा यह आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत शामिल हुए। उनके साथ विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अतिथियों के साथ गोवर्धन गिरिराज का विधिवत पूजन कर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया। उन्होंने गौमाता को पुष्पमाला पहनाकर गुड़, चना और चारा खिलाया तथा प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ पारंपरिक दिवाली गायन में सहभागिता की और बुंदेली बरेदी नृत्य का आनंद लिया।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत के माध्यम से प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण संरक्षण का महत्व समाज को समझाया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा पूरे मध्यप्रदेश में गोवर्धन पूजा के आयोजन कर प्राचीन परंपराओं, ग्रामीण संस्कृति और लोकजीवन को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और भारतीय परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए गए व्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए निगमायुक्त राजकुमार खत्री एवं पूरी टीम को बधाई दी।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि दीपावली के दूसरे दिन आयोजित होने वाला अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजन हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन गौसेवा, प्रकृति के प्रति सम्मान और लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।

श्याम तिवारी ने कहा कि गोवर्धन पूजा आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। ऐसे आयोजनों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखती है।

नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि हफसिली डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल पर गोवर्धन पूजा का आयोजन ग्रामीण संस्कृति, पशुपालन और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किया गया प्रयास है। बड़ी संख्या में नागरिकों और पशुपालकों की सहभागिता उत्साहजनक रही।

125 फीट परिधि और 11 फीट ऊंचे गोवर्धन गिरिराज ने खींचा ध्यान

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गोबर और मिट्टी से निर्मित 125 फीट परिधि तथा 11 फीट ऊंचे विशाल गोवर्धन गिरिराज रहे। मोनिया व्रत धारण किए मोनियों ने गोवर्धन गिरिराज की परिक्रमा कर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। गोबर से भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक प्रतिमा, बांसुरी और मटकी की कलाकृतियां भी तैयार की गई थीं।

गौमाता सहित अन्य पशुधन को आकर्षक ढंग से सजाकर पशुपालक मेले में पहुंचे। रंगोली और पारंपरिक साज-सज्जा से पूरा परिसर उत्सवमय नजर आया। मोनिया नृत्य, दिवाली नृत्य, ग्वाल नृत्य और रास नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ ढोल, ताशे और नगड़िया की धुनों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

अन्नकूट पूजन के दौरान भगवान गोवर्धन गिरिराज को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। मेले में स्थानीय व्यापारियों ने खाद्य सामग्री, खिलौनों सहित विभिन्न वस्तुओं की दुकानें लगाईं, जिससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिला। सुबह 11 बजे से शुरू हुए मेले में शाम तक सागर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक पहुंचे।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य मेघा दुबे, रुपेश यादव, धर्मेंद्र खटीक, शैलेष केसरवानी, रामू ठेकेदार, उपायुक्त एस.एस. बघेल सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

भारत न्यूज़ 24 live.com | स्पर्श न्यूज़ भारत

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें