2017 में बल्लम, कतरना और लाठियों से हमला कर की थी हत्या, घटना के बाद से पुलिस को दे रहा था चकमा
सागर। गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गढ़ाकोटा और रहली पुलिस की संयुक्त टीम ने वर्ष 2017 के हत्या के मामले में करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे ₹15 हजार के इनामी मुख्य आरोपी को जिला दमोह से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकिरण लोधी (42), निवासी ग्राम चंद्रपुरा, थाना गढ़ाकोटा, जिला सागर के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक, सागर रेंज द्वारा ₹15 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
बल्लम, कतरना और लाठियों से किया था हमला
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2017 को फरियादी डोमन सिंह लोधी ने थाना गढ़ाकोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता जीवन सिंह लोधी पर राजकिरण लोधी और उसके तीन अन्य साथियों ने बल्लम, कतरना एवं लाठियों से हमला कर गंभीर मारपीट की थी। इस हमले में जीवन सिंह लोधी की मृत्यु हो गई थी।
मामले में थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 160/2017 के तहत हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने तत्काल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी राजकिरण लोधी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
विशेष टीम बनाकर की गई तलाश
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में फरार इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। एसडीओपी रहली के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश और सूचना संकलन में जुटी रही।
इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और 8 नवंबर 2026 को करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी राजकिरण लोधी को जिला दमोह से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़ाकोटा निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, आरक्षक कौस्तुभ मणि पाठक, थाना रहली के सउनि संजय मिश्रा एवं आरक्षक दिलीप दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी को वर्ष 2017 के हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी की तलाश में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
भारत न्यूज़ 24 live.com लोकेशन – सागर







