खेत तालाब निर्माण के लिए किसानों को करें प्रोत्साहित, प्लांटेशन का होगा भौतिक सत्यापन: कलेक्टर

SHARE:

लंबित भुगतानों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर

सागर, 12 नवंबर 2026।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की सफलता के लिए टीम वर्क जरूरी है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करें।

बैठक में कलेक्टर ने ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत किए गए प्लांटेशन का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही वर्तमान वर्ष में पूर्ण किए जाने वाले प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

मनरेगा की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लक्षित एवं सृजित मानव दिवस की जानकारी लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने और स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित भुगतानों की समीक्षा कर सभी प्रकार के भुगतान निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।

कलेक्टर ने पीओ, एपीओ एवं जनपद पंचायत सीईओ को विभागीय योजनाओं के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। पुराने कार्यों की भी नियमित निगरानी करने और जिला पंचायत सीईओ को प्रगति की सख्ती से समीक्षा करने के निर्देश दिए।

खेत तालाब योजना पर विशेष जोर

कलेक्टर ने खेत तालाब योजना की जनपदवार समीक्षा करते हुए किसानों को खेत तालाब निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और सिंचाई की सुविधा बढ़ाने के लिए इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। आजीविका मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान बैंक लिंकेज एवं ग्राम निवेश मांग की प्रगति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पीएम आवास और स्वच्छता कार्यों की समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत, पूर्ण एवं अपूर्ण आवासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आवासों की पूर्णता का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। आवास प्लस योजना की जनपदवार प्रगति की भी जानकारी ली गई।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा सामुदायिक स्वच्छता परिसरों और बंद पड़े शौचालयों का पुनरुद्धार कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों एवं ग्रामीण अधोसंरचना से संबंधित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों के मुक्तिधामों में पेयजल, साफ-सफाई, रंग-रोगन, छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस के एसडीओ, मनरेगा एवं ग्राम पंचायत शाखा के कार्यक्रम अधिकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें